नवादा में बालू माफियाओं ने छापेमारी करने गई खनन विभाग और पुलिस टीम पर किया हमला, फायरिंग कर छुड़ाया ट्रैक्टर, आधा दर्जन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज
नवादा-गया सीमा पर स्थित हिसुआ के लटावर गांव के समीप ढाढर नदी में अवैध बालू खनन के खिलाफ छापेमारी करने गई खनन विभाग और पुलिस टीम पर बालू माफियाओं ने हमला कर दिया।
नवादा: नवादा-गया सीमा पर स्थित हिसुआ के लटावर गांव के समीप ढाढर नदी में अवैध बालू खनन के खिलाफ छापेमारी करने गई खनन विभाग और पुलिस टीम पर बालू माफियाओं ने हमला कर दिया। आरोपियों ने पिस्टल से फायरिंग की और पकड़े गए ड्राइवर व जब्त ट्रैक्टर को छुड़ाकर भाग निकले। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन इलाके में दहशत का माहौल बन गया। पिस्टल दिखाकर धमकाने पर खनन विभाग और पुलिस टीम को पीछे हटना पड़ा।
बाद में पुलिस बल व अतरी थाने की पुलिस के सहयोग से गयाजी जिले के अतरी थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव में छापेमारी कर खनन टीम ने अवैध खनन में लिप्त दो ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया। मामले में खनन निरीक्षक संतोष प्रकाश झा ने आधा दर्जन आरोपियों के खिलाफ हिसुआ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
प्राथमिकी के अनुसार, जब खनन टीम ढाढर नदी में पहुंची तो तीन ट्रैक्टरों में बालू लोड हो रहा था। टीम को देखकर ट्रैक्टर चालक भागने लगे। दो ट्रैक्टर भाग निकले, लेकिन एक ट्रैक्टर बालू लोड होने के कारण नदी में फंस गया। टीम ने चालक हर्षित राज उर्फ मदन गोपाल, पिता शशि शेखर मयंक उर्फ बलि सिंह, ग्राम-बैकटपुर, थाना अतरी, जिला गयाजी को पकड़ लिया और ट्रैक्टर जब्त करने का प्रयास किया।
इसी दौरान एक युवक पिस्टल लेकर आया और खनन टीम की ओर एक राउंड फायर कर दिया। टीम बाल-बाल बच गई। गोली मारने की धमकी देकर आरोपी पीछे हटने लगे। इस दौरान गिरफ्तार चालक पुलिस गिरफ्त से छूट गया और फायरिंग करने वाले युवक के साथ ट्रैक्टर लेकर भाग निकला। फायरिंग करने वाले युवक की पहचान राजगोपाल के रूप में की गई। इसके बाद अतरी पुलिस की मदद से बैकटपुर व दरियापुर गांवों में छापेमारी की गई। दरियापुर से अवैध खनन में लिप्त दो ट्रैक्टर जब्त किए गए।
प्राथमिकी में हर्षित राज और राजगोपाल समेत अवैध खनन में लिप्त कुल सात लोगों को नामजद किया गया है। ट्रैक्टरों के चालकों व मालिकों को भी आरोपित बनाया गया है। अवैध खनन से राजस्व को हुए नुकसान के लिए कुल 26 लाख 78 हजार 125 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इसमें दोनों ट्रैक्टरों पर क्रमशः 1 लाख 142 रुपये व 1 लाख रुपये, एक ट्रैक्टर चालक व मालिक पर 4 लाख 82 हजार 730 रुपये, दूसरे पर 4 लाख 82 हजार 589 रुपये तथा शेष पांच आरोपितों पर प्रति व्यक्ति 3 लाख 82 हजार 589 रुपये का जुर्माना वसूली योग्य बताया गया है।
नवादा से NBC 24 के लिए सुनील कुमार की रिपोर्ट
dhananjaykumarroy